नोएडा में तेज रफ्तार अनियंत्रित बस पलटी: हादसे में 17 यात्री घायल, फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी बस

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
हादसे में 17 यात्री घायल, फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी बस

नोएडा फेज-1 थाना क्षेत्र में रविवार सुबह महामाया फ्लाईओवर के समीप एक तेज रफ्तार स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पीआरवी और फेज-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में 17 यात्री घायल हो गए। जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में मोहित, नसीर, अजीमुल रहमान, सुनैना, एलिजा, सुल्तान, तन्वी, शारिक, राकेश, खुशबू, समीना, इरशाद, यूनिस, मोहम्मद साहिल, फुरकाद, जयवीर और तार्रुनुम शामिल हैं।

आठ घायलों को किया गया रेफर

जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार घायलों में से अजीमुल रहमान, एलिजा, सुल्तान, तन्वी, शारिक, इरशाद, यूनिस और तार्रुनुम को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार किसी यात्री को गंभीर जानलेवा चोट नहीं आई है।

यातायात हुआ प्रभावित

हादसे के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली जाने वाली लेन पर यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के एक्सल समेत कई यांत्रिक उपकरण टूट गए। वहीं डिवाइडर पर रखे गमले और यातायात संकेतक बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।