हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकराई कार: हादसे में चार लोगों की मौत; एक गंभीर, किछौछा दरगाह से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब अंबेडकरनगर स्थित प्रसिद्ध किछौछा दरगाह से लौट रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर (डालटनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के निवासी थे। वे धार्मिक यात्रा पर अंबेडकरनगर स्थित किछौछा दरगाह गए थे। दर्शन के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरडीहा मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में हाजी अब्दुल रज्जाक (59), अरबाज खान (22), सोहराब (55) और मोहम्मद कैफ (57) की मौके पर ही जान चली गई। वहीं अजमल आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









