गोरखपुर में उमस से लोग बेहाल: 28 जून से मिलेगी बड़ी राहत, बारिश की दस्तक के साथ गिरेगा पारा

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
28 जून से मिलेगी बड़ी राहत, बारिश की दस्तक के साथ गिरेगा पारा

जिले में बुधवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह गर्म और उमस भरा रहा। सुबह से ही तेज धूप और हवा में नमी के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। सूर्योदय के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी महसूस होने लगी। सुबह के समय ही सड़कों पर निकलने वाले लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते नजर आए। उमस का असर इतना अधिक रहा कि लोगों को सामान्य गतिविधियां करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बीते कई दिनों से जारी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप और अधिक तीखी हो सकती है। दोपहर के समय 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। लेकिन वातावरण में मौजूद अधिक नमी के कारण उमस बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि केवल हवा चलने से राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि नमी का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है।

28 जून से बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 जून से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का पैटर्न बदलने की संभावना है। आसमान में घने बादल छाने के साथ गरज-चमक और वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश की शुरुआत के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे लंबे समय से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले सप्ताह 41 डिग्री तक पहुंचा था पारा

गोरखपुर में बीते सप्ताह अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। तेज धूप और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दी। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही तेज होगी। बारिश के चलते तापमान में कमी आएगी। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश के बाद मौसम अपेक्षाकृत सुहाना होने की संभावना है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।