मुंबई लोकल में युवक की चाकू मारकर हत्या: गेट खोलने को लेकर हुआ विवाद, चलती ट्रेन से कूदा आरोपी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून की पहली बारिश के बीच लोकल ट्रेन में हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में दरवाजा खुला रखने को लेकर दो यात्रियों के बीच हुई बहस के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मयंक लोहार के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 10:42 बजे अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन अंधेरी स्टेशन से आगे बढ़ी थी, तभी मयंक और एक अन्य यात्री के बीच कोच का दरवाजा खुला रखने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बारिश के कारण एक पक्ष दरवाजा बंद रखना चाहता था। वहीं, दूसरा यात्री उसे खुला रखने की बात पर अड़ा हुआ था। देखते ही देखते बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई।
बहस के दौरान किया हमला
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखा धारदार हथियार निकाला और मयंक के पेट पर वार कर दिया। हमले के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। घायल मयंक को बचाने की कोशिश की गई। लेकिन तब तक आरोपी मौके से भागने की फिराक में था। बोरीवली स्टेशन पहुंचने से कुछ पहले वह चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। रात 11:04 बजे ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। मेडिकल स्टाफ को तत्काल बुलाया गया और घायल युवक को स्टेशन स्थित मेडिकल रूम ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे कांदिवली के शताब्दी अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
पश्चिम रेलवे ने बताया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने देर रात बोरीवली स्टेशन पहुंचकर मामले की समीक्षा की। पुलिस फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना ने एक बार फिर लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और बढ़ती आक्रामकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









