आजमगढ़ में मिला गोरखपुर के युवक का शव: शादी में जाने की बात कहकर घर से था निकला, जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर|1 घंटा पहले
शादी में जाने की बात कहकर घर से था निकला, जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र स्थित जीतपुर गांव निवासी 25 वर्षीय जयसिंह निषाद की बॉडी बुधवार सुबह आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जयसिंह निषाद पुत्र मिरधारी निषाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार के अनुसार वह बेंगलुरु में कारपेंटर का काम करते था। बड़े भाई धर्मवीर एयर कंडीशनर से संबंधित कार्य करते हैं। वहीं, छोटे भाई दुर्गेश टेंट एवं डेकोरेशन के व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था। जयसिंह भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था।

बाइक नंबर से आजमगढ़ पुलिस ने दी सूचना

परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम जयसिंह अपने भाई की बाइक लेकर एक शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान आजमगढ़ पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर परिवार को सूचना दी कि संबंधित वाहन एक सड़क दुर्घटना में शामिल पाया गया है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। जहां उन्हें बाइक तो बरामद हो गई। लेकिन जयसिंह का कोई पता नहीं चला। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जब उसका सुराग नहीं मिला तो परिवार के सदस्य वापस लौट आए। बुधवार सुबह अतरौलिया पुलिस ने सड़क किनारे एक युवक की बॉडी मिलने की सूचना दी और पहचान के लिए फोटो भेजी। फोटो देखकर परिजनों ने बॉडी की पहचान जयसिंह के रूप में की।

हादसा या साजिश, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला सड़क दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।