जॉइनिंग से चार दिन पहले अग्निवीर की थमीं सांसें: तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, बीमार बहन को लेकर लौट रहा था घर

अग्निवीर एयरफोर्स में चयनित 20 वर्षीय युवक की नौकरी जॉइन करने से महज चार दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके पिता और बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गईं। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रामजी का हाल ही में अग्निवीर एयरफोर्स में चयन हुआ था। उनकी ट्रेनिंग 27 जून से बेंगलुरु में शुरू होनी थी। परिवार बुधवार को उनकी नई शुरुआत की तैयारियों में जुटा था। इसी बीच एक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। पुलिस के मुताबिक रामजी अपने पिता श्याम सिंह और बीमार बहन कुसमा को लेकर छछुंद गांव गए थे। जहां बहन का झाड़-फूंक कराया गया। वहां से लौटते समय अछल्दा-फफूंद मार्ग पर अमेला बंबा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मौके पर गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और बहन बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। वहीं, रामजी बाइक समेत करीब 15 से 20 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। गंभीर सिर की चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिवार की उम्मीदों पर लगा ग्रहण
रामजी अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता श्याम सिंह पाता प्लांट में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में मां सारिका देवी और तीन बेटियां हैं। बेटे के अग्निवीर एयरफोर्स में चयन से पूरा परिवार बेहद उत्साहित था। बुधवार शाम रामजी को बेंगलुरु रवाना होना था। जिसके लिए उनका ग्वालियर से आरक्षित टिकट भी था।
पुलिस ने सीज किया वाहन
मां सारिका देवी ने कहा कि बेटे के चयन से घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। उधर, थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











