हिंदूवादी नेता हत्याकांड का मास्टरमाइंड अरेस्ट: मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल, मर्डर के बाद से चल रहा था फरार

शहर के संजयनगर क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अर्जुन की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अर्पित मौर्य उर्फ पहाड़ी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 15 जून की रात थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर में हिंदूवादी नेता अर्जुन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर अर्पित मौर्य उर्फ पहाड़ी, कपिल और कुश के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्पित और उसका साथी कुश हारुनगला रोड के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक मौके पर दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें अर्पित के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। हालांकि उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल उससे हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इलाज पूरा होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









