बाणगंगा नदी में मिली अज्ञात युवक की बॉडी: तलाशी में नहीं मिले पहचान संबंधी दस्तावेज, शिनाख्त में जुटी पुलिस

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
तलाशी में नहीं मिले पहचान संबंधी दस्तावेज, शिनाख्त में जुटी पुलिस

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को सनसनी फैल गई। जब बाणगंगा नदी में एक अज्ञात युवक की बॉडी उतराती हुई मिली। नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने बॉडी को देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। युवक की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में भी युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने शोहरतगढ़ क्षेत्र स्थित बाणगंगा नदी के पुल के पास एक युवक की बॉडी पानी में तैरती हुई देखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से बॉडी को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

पहचान के लिए सभी थानों को भेजी गई तस्वीर

बॉडी की तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस को उसकी पहचान करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने बॉडी की तस्वीरें जिले के विभिन्न थानों के साथ साझा कर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा आसपास के जनपदों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सूचना भेजी जा रही है। जिससे मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द हो सके।

सभी संभावित पहलुओं पर जांच तेज

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाणगंगा नदी का उद्गम नेपाल के अर्घाखांची क्षेत्र से होता है। इसका जल प्रवाह नेपाल से भारत की ओर आता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि युवक की बॉडी बहकर नेपाल से भारतीय सीमा में पहुंचा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और मामले को गंभीरता से लिया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।