पत्नी से विवाद के बाद युवक ने बुलाई पुलिस: नशे में पुलिस से उलझा, मारपीट करने पर सिपाही निलंबित

कप्तानगंज थाना क्षेत्र की दुबौला चौकी अंतर्गत भरवालिया गांव में पुलिस और एक युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद युवक ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया था। लेकिन मामला सुलझने के बजाय और अधिक उलझ गया। पुलिसकर्मियों और युवक के बीच हुई हाथापाई का वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो युवक नशे की हालत में था। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस और युवक के बीच तीखी बहस होने लगी। जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और युवक एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो गांव के एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है।
पुलिस अधिकारी ने की कार्रवाई
पुलिस अधिकारी ने बताया कि डायल-112 पर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद चल रहा था। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को शांत कराते हुए दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ बातों को लेकर एक सिपाही उत्तेजित हो गया और उसके द्वारा मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









