अमेठी में सपा नेता का मर्डर: घर में घुसकर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, दो फीट छज्जे को लेकर बढ़ा विवाद

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
घर में घुसकर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, दो फीट छज्जे को लेकर बढ़ा विवाद

अमेठी जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में महज दो फीट छज्जे के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मकान निर्माण को लेकर शुरू हुआ पड़ोसी विवाद हिंसा में बदल गया। इसमें समाजवादी पार्टी के नेता एवं बूथ एजेंट रामफली पाल (65) की मौत हो गई। आरोप है कि हथियारों से लैस पड़ोसी और उनके सहयोगी घर में घुस आए तथा परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और सरिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामफली पाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी, पुत्र, बहू और परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार सैदपुर दलशाहपुर गांव निवासी रामफली पाल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माणाधीन भवन में दो फीट का छज्जा निकाला जाना था। इसका पड़ोसी पक्ष विरोध कर रहा था। कुछ दिन पहले इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसे स्थानीय स्तर पर शांत करा दिया गया था। हालांकि लिंटर डालने की तैयारी के दौरान विवाद एक बार फिर उभर आया और देर रात हिंसक रूप ले लिया।

मौके से फरार आरोपी

परिजनों का आरोप है कि रात करीब 12 बजे कृष्ण कुमार सिंह, मंजू सिंह, शीतल सिंह, अतुल सिंह, शिरोमणि सिंह तथा उनके साथ आए अन्य लोग हथियारों से लैस होकर घर में घुस गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार पर हमला शुरू कर दिया। इस दौरान रामफली पाल को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ वार किए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र सुनील पाल, पत्नी अनारा पाल, बहू किरन पाल और अन्य परिजनों को भी गंभीर चोटें आईं। हमलावर घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। रामफली पाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले जिला अस्पताल और बाद में रायबरेली स्थित एम्स रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस

मृतक के पुत्र सुनील पाल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या, मारपीट, घर में घुसकर हमला करने, धमकी देने सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों मंजू सिंह और शिरोमणि सिंह को अरेस्ट कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। घायल रामफली पाल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।