कुशीनगर में सड़क पर तड़पता रहा घायल: पूछताछ में उलझी पुलिस, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
पूछताछ में उलझी पुलिस, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

कसया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि गंभीर रूप से घायल दुकानदार को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके पर मौजूद यातायात पुलिस और एक होमगार्ड जवान पूछताछ में उलझे रहे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बाड़ी पुल के पास शामपुर-हतवा मार्ग के मोड़ पर दुकानदार निराला तिवारी अपनी गुमटी बंद कर सड़क पार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कसया की ओर से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक एक होमगार्ड जवान चला रहा था। टक्कर लगते ही दुकानदार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

इलाज से पहले पूछताछ का आरोप

लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद होमगार्ड जवान ने वर्दी का रौब दिखाते हुए लोगों से अभद्र व्यवहार किया। इसी बीच यातायात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने पहले घायल को अस्पताल भेजने की मांग की। लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी वाहन के कागजात, चालक का नाम-पता और अन्य औपचारिक पूछताछ में व्यस्त रहे। लोगों का कहना है कि घायल लगातार मुंह से खून निकलने की बात कहते हुए इलाज की गुहार लगाता रहा। लेकिन तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। आरोप है कि पूछताछ पूरी करने के बाद पुलिस मौके से चली गई और घायल कुछ समय तक सड़क पर ही पड़ा रहा।

जांच में जुटी पुलिस

बाद में स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने दोषी होमगार्ड जवान और कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कानून सभी के लिए समान है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।