महराजगंज में करंट लगने से युवक की मौत: फसल की करने गया था रखवाली, चारों तरफ लगे थे कंटीले तार

सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगर्नाथपुर टोला, भारिया गांव में रविवार दोपहर खेत की देखरेख के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश साहनी, पुत्र विक्रम साहनी, के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार करीब 12 बजे प्रकाश अपने खेत में पानी चलाने और फसल की देखरेख के लिए गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
बिजलीयुक्त कंटीले तार की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रकाश ने करीब पांच एकड़ जमीन पर खेती के साथ मछली पालन भी कर रखा था। खेत और तालाब की सुरक्षा के लिए चारों ओर कंटीले तार लगाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि फसल और मछलियों को बचाने के उद्देश्य से इन तारों में बिजली प्रवाहित की गई थी। इसी दौरान प्रकाश स्वयं बिजलीयुक्त तार की चपेट में आ गया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









