गोरखपुर में नाबालिग से होटल में रेप: परिचय का फायदा उठाकर किया कांड, मौके से फरार आरोपी

जिले में नाबालिग किशोरी से रेप का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर बहला-फुसलाया और फिर गीडा क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित एक होटल में ले जाकर उसके साथ रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता गहरे मानसिक आघात में पहुंच गई। घर लौटने पर उसने रोते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पिता ने सहजनवा थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की बहन की शादी सहजनवा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। बहन के घर आने-जाने के दौरान युवक की पहचान पड़ोस में रहने वाली नाबालिग किशोरी से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। आरोप है कि युवक ने इसी परिचय का लाभ उठाकर किशोरी को अपने झांसे में लिया। शनिवार को उसने किशोरी को बहाने से सहजनवा बुलाया। वहां से गीडा के सेक्टर-22 ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में ले गया।
विरोध के बावजूद वारदात करने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, होटल में आरोपी ने किशोरी के साथ रेप किया। विरोध करने पर वह उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता बदहवास हालत में किसी तरह घर पहुंची। उसकी स्थिति देखकर परिजन घबरा गए। बाद में किशोरी ने पूरी घटना की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद परिजनों ने कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में सहजनवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना प्राप्त हुई है। फिलहाल लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









