गोरखपुर में चला मिशन शक्ति अभियान: महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, सुरक्षा कानूनों की दी विस्तृत जानकारी

जिले में 'मिशन शक्ति फेज-5.0' के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। एसपी क्राइम और मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी सरकारी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून समेत महिलाओं और बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की गई।
हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया
पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और सहायता मंचों के बारे में भी जागरूक किया। इस दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108 और सीएम हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









