पुणे में शादी से पहले मंगेतर की हत्या: युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर खाई में दिया धक्का, पुलिस ने दोनों को किया अरेस्ट

पुणे में इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलती-जुलती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवा कारोबारी की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मंगेतर और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मिलकर कारोबारी को ट्रेकिंग के दौरान करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। बाद में इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल 18 जून को अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग और प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए गए थे। उसी दौरान वह खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया था। क्योंकि सिया ने पुलिस को बताया था कि तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया था। हालांकि, परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया गोयल का कोंढवा निवासी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसे लगता था कि केतन उसके प्रेम संबंध में बाधा बन रहा है। इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत सिया केतन को लोहागढ़ किले तक ले गई। वहीं, चेतन को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया।
शाही शादी की चल रही थी तैयारी
बताया जा रहा है कि दोनों परिवार नवंबर में होने वाली शादी की तैयारियों में जुटे थे। राजस्थान के उदयपुर स्थित एक पैलेस को विवाह समारोह के लिए बुक किया गया था। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक आरक्षित किए गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था।
जांच में जुटी पुलिस
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर हत्या और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया गया है। चेतन से पूछताछ के बाद सिया को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में व्यापक चर्चा का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









