कुशीनगर में शादी समारोह में खूनी बवाल: डांस को लेकर विवाद में युवक की हत्या, धारदार हथियार से किया हमला

सेवरही थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान डांस और गाने की फरमाइश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट में धारदार हथियार से हमले के कारण एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। विवाह की रस्में अधूरी छोड़कर बारात को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना अंबेडकर नगर वार्ड में आयोजित एक विवाह समारोह की है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत सेवरही निवासी काशी चौहान की पुत्री के विवाह के लिए तरया सुजान थाना क्षेत्र के ग्राम तरया कारी शाही से बारात आई थी। द्वारपूजा से पहले डीजे और आर्केस्ट्रा की धुन पर बाराती उत्साह के साथ नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच गाने की फरमाइश को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
रास्ते में तोड़ा दम
मृतक की पहचान तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बसडीला पांडेय निवासी सुजीत चौहान के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने मामा राहुल चौहान की बारात में शामिल होने आया था। जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने के दौरान कुछ युवकों ने सुजीत चौहान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और अन्य लोग घायल सुजीत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जहां कुछ समय पहले तक उत्सव का माहौल था। वहां अचानक चीख-पुकार और शोक छा गया।
बिना शादी लौट गई बारात
युवक की मौत के बाद वधू पक्ष के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विवाह की सभी रस्में तत्काल रोक दी गईं। बाद में वर पक्ष भी बिना विवाह संपन्न कराए बारात लेकर वापस लौट गया। इस अप्रत्याशित घटना से दोनों परिवारों में गहरा दुख और सदमा व्याप्त है।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर सेवरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सेवरही ने बताया कि बारात के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मृत्यु हुई है। मामले में तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









