कुशीनगर में 17 नामजद और 100 पर एफआईआर: छात्र की मौत के बाद स्कूल में की थी तोड़फोड़, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कुशीनगर के कप्तानगंज कस्बे में छात्र की मौत के बाद स्कूल में हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 17 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सैनी की शिकायत पर की हैं। उसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला 14 अगस्त को कप्तानगंज कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर में पानी पीने को लेकर बच्चों में विवाद हुआ था। इसके बाद पास के चकबंदी चौराहे पर दो छात्र गुटों में मारपीट हुई। इस मारपीट में करन साहनी नाम का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर पर ईंट से चोट लगी थी, जिससे उसी दिन उसकी मौत हो गई थी । छात्र की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों को छिपाने का आरोप लगाते हुए स्कूल परिसर में घुसकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। छात्र की मौत के मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पहले ही पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
स्कूल प्रबंधन ने दर्ज कराई नई एफआईआर
अब स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने उपद्रव करने वालों के खिलाफ यह नई एफआईआर दर्ज की है। इसमें चकबंदी चौराहा निवासी राज साहनी, मोहन कुशवाहा, पिंटू साहनी, राहुल उर्फ गोबरी, किशन, ओमकार, अभिषेक, रमेश, गुलशन साहनी, सत्यम, रामचंद्र, नीरज, इंदु देवी, प्रिंस, प्रिंस गोंड और राहुल सहित 100 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि स्कूल के प्रधानाचार्य की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से सबूत भी जुटा रही है।










