देवरिया में नदी किनारे मिले कुशीनगर के किशोरी-युवक: फंदा लगाने से ग्रामीणों ने युवक को बचाया, दोनों की तलाश कर रही थी पुलिस

देवरिया|
फंदा लगाने से ग्रामीणों ने युवक को बचाया, दोनों की तलाश कर रही थी पुलिस

कुशीनगर से पांच दिन पहले लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी और युवक देवरिया के बघौचघाट क्षेत्र में नदी किनारे मिले। दोनों कोटवा गांव के पास परेशान हालत में बैठे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी, जो पेड़ पर फंदा लगाने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बचाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद चौराखास पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस अब किशोरी का बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

किशोरी की मां ने पांच सितंबर को चौराखास थाने में तहरीर देकर गांव के गोविंद शर्मा और उसके पिता रामप्रवेश शर्मा के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि बेटी पांच सितंबर को निजी स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद गोविंद उसे घर छोड़ने की बात कहकर टेंपो में बैठाकर ले गया, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। मां ने बेटी को साजिश के तहत गायब करने का आरोप लगाया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी। युवक के घर पर दबिश देने के साथ उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई।

पुलिस बोली- दोनों के बीच प्रेम प्रसंग

पुलिस के मुताबिक, किशोरी और गोविंद के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों फोन पर अक्सर बातचीत करते थे। किशोरी कभी-कभी गोविंद के टेंपो से स्कूल से घर भी जाती थी। पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को घर से निकलने के बाद दोनों अलग-अलग जगहों पर रुके। परिवार और पुलिस की पूछताछ बढ़ने के बाद वे वापस चौराखास की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें पुलिस के हाथ लगने और जेल जाने का डर सताने लगा।

दोनों को सुरक्षित स्थान पर ले गए ग्रामीण

दोनों बघौचघाट क्षेत्र के कोटवा गांव के पास नदी किनारे पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों को काफी परेशान हालत में देखा। इसी दौरान युवक पेड़ पर फंदा लगाने की कोशिश करने लगा। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीण तत्काल वहां पहुंचे और दोनों को सुरक्षित स्थान पर ले गए। इसके बाद चौराखास पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई।

मां की तहरीर पर केस दर्ज

चौराखास थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर युवक और उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज है। किशोरी के बरामद होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। बयान और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।