कुशीनगर में चाकू मारकर युवक की हत्या: हमले में साथी भी हुआ घायल, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बभनौली के पास चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सेवरही थाना क्षेत्र के हाता धुरिया निवासी रोहित खरवार के रूप में हुई है। वह सुरेंद्र खरवार का बेटा था। हमले में उसका एक साथी भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि रोहित बभनौली के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही तुर्कपट्टी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और डर का माहौल है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।










