कुशीनगर में अश्लील डीजे गानों पर कार्रवाई: 110 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर, नियमों की हुई अनदेखी

पडरौना में डोल मेले के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और अश्लील गानों पर डांस कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पडरौना कोतवाली पुलिस ने 110 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें 10 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 100 अज्ञात हैं। मामला 6 सितंबर की देर शाम निकले डोल जुलूस का है। पुलिस के मुताबिक, जुलूस से पहले आयोजकों और डीजे संचालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद तेज आवाज में डीजे बजता रहा और नर्तकियां डांस करती रहीं।
डोल जुलूस में भगवान की झांकियों के साथ तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने डीजे की धुन पर डांस किया। पुलिस का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील गानों पर नर्तकियों से डांस भी कराया गया। नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस ने आयोजकों और संचालकों को पहले ही समझाया था। इसके बावजूद जुलूस के दौरान स्थिति में बदलाव नहीं हुआ।
डीजे संचालकों और सामान उपलब्ध कराने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने दरोगा चंदन मौर्या और अमित सिंह की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया। कार्रवाई तेज आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों, नर्तकियों के डांस और ट्रॉली समेत अन्य सामान उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ की गई है। पुलिस ने 10 लोगों को नामजद किया है और 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
कुशीनगर में तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में पहले भी कार्रवाई हुई है। कुछ दिन पहले कसया थाने में 104 डीजे संचालकों और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बावजूद बाद के कार्यक्रमों में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतें सामने आती रहीं। पडरौना कोतवाल ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि डीजे संचालकों को पहले नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन होने पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश और निर्धारित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।










