तानों से आहत भांजी ने की मामी की हत्या: हरी चूड़ियों ने खोल दिया राज, जंगल में मिली थी खून से लथपथ बॉडी

उत्तरप्रदेश|8 घंटे पहले
हरी चूड़ियों ने खोल दिया राज, जंगल में मिली थी खून से लथपथ बॉडी

कैंपियरगंज क्षेत्र के जंगल बब्बन में मिली महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका की ही भांजी को अरेस्ट किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक तानों और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से नाराज भांजी ने अपनी मामी की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने फोन कर मामी को बहाने से बुलाया। फिर जंगल में ले जाकर धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मृतका के गहने और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के जंगल बब्बन में 20 जून की दोपहर करीब 12 बजे एक महिला का रक्तरंजित बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान गुलरिहा थाना क्षेत्र के रामपुर गोपालपुर टोला शिवपुर निवासी 65 वर्षीय शारदा देवी के रूप में हुई। महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान मिले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया था।

कॉल डिटेल और चूड़ियों से पहुंची पुलिस आरोपी तक

जांच के दौरान घटनास्थल से दो अलग-अलग रंगों की चूड़ियां बरामद हुईं। मृतका के हाथ में नारंगी रंग की चूड़ियां थीं। वहीं, घटनास्थल पर हरे रंग की टूटी चूड़ियां भी मिलीं। इससे पुलिस को आशंका हुई कि वारदात में किसी महिला की भूमिका हो सकती है। इसी बीच मोबाइल कॉल डिटेल की जांच में घटना वाले दिन मृतका के पास उसकी भांजी राधिका पासवान का फोन आने की जानकारी मिली। पुलिस ने महराजगंज जिले के पनियारा थाना क्षेत्र के रामपुर टोला निवासी राधिका पासवान पत्नी किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके हाथों में भी हरी चूड़ियां मिलीं। इससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।

परिवार से दूर रहने को लेकर देती थीं ताने

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राधिका ने स्वीकार किया कि उसकी मामी शारदा देवी अक्सर उसे परिवार से दूर रहने को लेकर ताने देती थीं। करीब 15 दिन पहले उसकी सास के ब्रह्मभोज में भी शारदा ने रिश्तेदारों के सामने उसे अपमानित किया था। इसी घटना से आहत होकर उसने हत्या की योजना बनाई। 20 जून की सुबह उसने मामी को फोन कर बताया कि उसकी बेटी के लिए रिश्ता देखने कैंपियरगंज चलना है। इस बहाने वह उन्हें अपने साथ ले गई।

जंगल में ले जाकर चाकू से किया हमला

राधिका ने पुलिस को बताया कि ऑटो से यात्रा के दौरान वह जंगल बब्बन के पास शौच का बहाना बनाकर उतर गई और मामी को भी अपने साथ जंगल की ओर ले गई। करीब 100 मीटर अंदर पहुंचने के बाद उसने सब्जी काटने वाले चाकू से शारदा देवी पर हमला कर दिया। दोनों के बीच संघर्ष भी हुआ। लेकिन आरोपी ने गर्दन पर कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद वह मृतका के शरीर से गहने और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गई।

खून से सनी साड़ी और गहने भी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की अंगूठियां, दो सोने के कान के टप्स, एक सोने की कील, ओम अंकित सोने का लॉकेट, दो टुकड़ों में टूटी सोने की चेन तथा मृतका का कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के घर से घटना वाले दिन पहनी गई खून से सनी साड़ी भी बरामद हुई है।

आरोपी को भेजा गया जेल

मृतका के परिवार की ओर से बड़ी बहू किरन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया था। मामले में एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि कैंपियरगंज क्षेत्र में महिला की हत्या उसकी भांजी ने की थी। आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।