24 मई को होगी UPSC प्रारंभिक परीक्षा: 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी एग्जाम में होंगे शामिल, प्रशासन ने की पूरी तैयारी

उत्तरप्रदेश|6 घंटे पहले
11 हजार से अधिक अभ्यर्थी एग्जाम में होंगे शामिल, प्रशासन ने की पूरी तैयारी

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 24 मई को जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर 11 हजार 112 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक प्रबंधन तक व्यापक इंतजाम किए हैं। शुक्रवार शाम एनेक्सी भवन में एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण किया गया।

बैठक में एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हर केंद्र पर तैनात होंगे स्टेटिक मजिस्ट्रेट

परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं, जबकि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पर्यवेक्षकों को भी लगाया जाएगा ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। एडीएम सिटी ने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच परीक्षा शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से कर ली जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापकों को भी समयबद्ध और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था और कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

प्रशासन ने परीक्षा के दिन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। एडीएम सिटी ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।