युवक को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा; मौत: सब्जी लेकर लौट रहा था घर, वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सुरौली थाना क्षेत्र के कोईलगढ़हां गांव के समीप एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुरौली थाना क्षेत्र के कोईलगढ़हां गांव के मालटोलिया निवासी 26 वर्षीय प्रदीप गोंड़ पुत्र स्वर्गीय सुदामा गोंड़ के रूप में हुई है। प्रदीप मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार रात करीब 9:45 बजे वह कोईलगढ़हां चौराहे से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के समीप देवरिया-रुद्रपुर मार्ग स्थित एक पुलिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि प्रदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का था एकमात्र सहारा
प्रदीप के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता सुदामा गोंड़ का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी प्रदीप के कंधों पर थी। उनकी मां गिरिजा देवी, बहन पूजा तथा भाई सुनील, अनिल और राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सुरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सुरौली थानाध्यक्ष अवनीश मौर्य ने बताया कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










