कोलकाता में एन्क्रोचमेंट हटाने पर बवाल: भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, तीन पुलिसकर्मी घायल

कोलकाता में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में बड़ा हंगामा देखने को मिला। पार्क सर्कस इलाके में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने सुरक्षा बलों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी बुलाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक पार्क सर्कस सेवन प्वाइंट क्रॉसिंग के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। प्रदर्शनकारी प्रशासन की एंटी-एन्क्रोचमेंट ड्राइव का विरोध कर रहे थे। भीड़ ने सड़क जाम करने की कोशिश की। पुलिस जब रास्ता खाली कराने पहुंची, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।
अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई से बढ़ा विवाद
दरअसल, पिछले सप्ताह तिलजला इलाके की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया। इसी कार्रवाई के तहत कई स्थानों पर बुलडोजर चलाया गया। पार्क सर्कस में जुटे लोग इसी कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। एडिशनल कमिश्नर आशेष बिस्वास ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ममता बनर्जी ने बुलडोजर राजनीति पर उठाए सवाल
घटना के बाद ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल बुलडोजर राजनीति में विश्वास नहीं करता। टैगोर और नेताजी की धरती पर डर और ताकत के जरिए शासन नहीं चलाया जा सकता। ममता बनर्जी ने लिखा कि गरीब लोग राजनीतिक अहंकार की कीमत चुका रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरों से लेकर फेरीवालों के ठेलों तक पर कार्रवाई की जा रही है। यह आम लोगों की जिंदगी पर सीधा हमला है। उनके मुताबिक सरकार इंसानों से ज्यादा दिखावे को महत्व दे रही है।
भाजपा और वाम दलों की भी प्रतिक्रिया
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सीपीआई महासचिव डी राजा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगातार तनावपूर्ण घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर रहकर काम करना चाहिए। वहीं भाजपा विधायक बीजेपी विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि बुलडोजर केवल अवैध निर्माण पर नहीं, बल्कि गलत नीतियों पर भी चलता है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई पूरी तरह कानून के तहत की जा रही है।
आसनसोल में भी हुई थी हिंसा
गौरतलब है कि दो दिन पहले आसनसोल में भी पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हुई थी। लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद नाराज लोगों ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया था। भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ की थी। जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








