प्रयागराज में लॉज मालिक के बेटे पर मारपीट का आरोप: देर रात छात्राओं के कमरे में की घुसने की कोशिश, बाल पकड़कर बेरहमी से पिटा

प्रयागराज|8 घंटे पहले
देर रात छात्राओं के कमरे में की घुसने की कोशिश, बाल पकड़कर बेरहमी से पिटा

शिवकुटी इलाके में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं छात्राओं के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। आरोप है कि लॉज मालिक के बेटे ने देर रात छात्राओं के कमरे में घुसने की कोशिश की। विरोध करने पर बाल पकड़कर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित छात्राओं ने आरोपी पर गंदी नीयत से लगातार फोन और मैसेज कर परेशान करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। हालांकि बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई।

अमेठी निवासी 27 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शिवकुटी के शंकरघाट स्थित एक लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। छात्रा के मुताबिक उसने हाल ही में एसएससी जूनियर असिस्टेंट परीक्षा पास की है और उसका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होना बाकी है। इसी कारण वह फिलहाल लॉज में रह रही थी। छात्रा का आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी पिछले दस दिनों से लगातार उसे फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा था। वह बार-बार कमरे में आने की कोशिश करता था और बातचीत के लिए दबाव बना रहा था।

आधी रात को कमरे के बाहर मचाया हंगामा

पीड़िता के अनुसार 18 मई की रात आरोपी शराब के नशे में उसके कमरे के बाहर पहुंच गया और लगातार दरवाजा पीटने लगा। छात्रा ने दरवाजा खोलने से इनकार किया तो आरोपी ने बाहर से कमरा बंद कर दिया। डर के कारण छात्रा ने पास में रहने वाली दूसरी छात्रा को फोन कर अपने कमरे में बुलाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दूसरी छात्रा और उसकी बहन को भी परेशान करना शुरू कर दिया और उनके कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया।

विरोध करने पर मारपीट और हमला

छात्राओं का कहना है कि जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी की मां वहां पहुंच गईं। इसके बाद आरोपी ने दोनों छात्राओं के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बाल पकड़कर मारपीट की। विरोध बढ़ने पर वह किचन से चाकू लेकर आया और हमला करने की कोशिश की, जिसमें दो छात्राओं को चोटें भी आईं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस पहुंचने के बाद भी आरोपी का व्यवहार आक्रामक बना रहा और उसने टूटे हुए ग्लास से हमला करने के साथ जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया गया। छात्रा की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को भी चेक किया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें