प्रयागराज में तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को कुचला: छोटे बेटे संग लेने जा रही थी पानी, वाहन चालक मौके से फरार

प्रयागराज|14 सितंबर 2026
छोटे बेटे संग लेने जा रही थी पानी, वाहन चालक मौके से फरार

औद्योगिक थाना क्षेत्र के महुआरिया इलाके में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने पानी लेने जा रही महिला और उसके दो साल के बेटे को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय माया और उनके दो साल के बेटे खतरू के रूप में हुई है। माया के पति का नाम परमचंदर उर्फ बचनू आदिवासी है। परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलहवी गांव का रहने वाला है। करीब चार साल पहले परिवार प्रयागराज आया था। तब से सरस्वती हाईटेक सिटी के पास बनी झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

मौके पर तोड़ा दम

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह माया अपने छोटे बेटे को लेकर पानी लेने जा रही थीं। सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने पहुंचते ही सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि माया और उनके मासूम बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत वहां से निकल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मां-बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के सीसी टीम प्रभारी रितेश कुमार यादव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।