प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का हिस्सा ढहा: खोदाई से दरकी नींव, 12 कमरों का भवन मलबे में बदला

जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जार्ज टाउन स्थित स्वामीनारायण मंदिर का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब 25 दिन पहले मंदिर के बगल 200 वर्ग मीटर के दायरे में मकान निर्माण के लिए जमीन की खोदाई की गई थी। गड्ढे में पानी भरने से मंदिर की नींव दरक गई और तीन मंजिला भवन ढह गया। कुछ दिन पहले इसी खोदाई के कारण बंसल भवन परिसर की बाउंड्री और नगर निगम की कच्ची सड़क भी बह गई थी।
करीब 25 दिन पहले भवन की नींव में दरारें आने लगी थीं। इसके बाद पूरा भवन पूरब दिशा की ओर झुक गया था। अचानक 12 कमरों वाला तीन मंजिला भवन गिर गया और कुछ ही देर में पूरा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। मंदिर के कोठारी कमलेश भगत ने बताया कि अतिथि गृह की तीनों मंजिलों पर 12 कमरे वर्ष 2012-13 में बनाए गए थे। सभी कमरों में डेढ़ से दो टन क्षमता के एसी लगे थे। भवन गिरने के बाद कमरों में रखा सामान निकालने का मौका भी नहीं मिल सका। उन्होंने करीब 10 से 12 लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान जताया है।
नगर निगम ने किया स्थलीय निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नगर निगम के अवर अभियंता राम सक्सेना ने बताया कि मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर खोदाई कराने वाले के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










