प्रयागराज में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी: दो महिला मजदूरों की गई जान, बीस से अधिक मजदूर घायल

प्रयागराज के यमुनापार के नारीबारी में नेशनल हाईवे-30 पर मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिला मजदूरों की मौत हो गई और बीस से अधिक लोग घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:00 बजे नारीबारी क्षेत्र में सुरवल साहनी गांव के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। जिनकी पहचान कमला और करीना के रूप में हुई हैं।
यमुनापार के नारीबारी स्थित सुरवल रिलायंस पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इसमें करीब दो दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। इसमें दो की मौत हो गई, जबकि अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी मजदूर सोनरा गांव के रहने वाले हैं और मजदूरी करने मवैया गांव जा रहे थे।
बाइक सवार को बचाने में खोया नियंत्रण
सोनरा गांव के रहने वाले 40 से अधिक मजदूर शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर मवैया गांव धान की रोपाई करने जा रहे थे। तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली के आगे चल रहे एक मोटरसाइकिल सवार के अचानक गिर जाने के कारण, ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया। बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर सीधे डिवाइडर से टकराया और मजदूरों से भरी ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार मजदूर दब गए। चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों के साथ ही अन्य मजदूर घटनास्थल की तरफ दौड़े।
क्रेन की मदद से मजदूरों को निकाला गया बाहर
बड़ी संख्या में मजदूरों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया, लेकिन उन्हें ग्रामीण बाहर नहीं निकाल सके, जो ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से उसके नीचे दब गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाया, तब जाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में 35 वर्षीय कमला और भारत लाल की 16 वर्षीय पुत्री करीना की मौत हो गई थी, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है। इसमें प्रतिमा, संतोष, छोटेलाल, सिया दुलारी, भारत लाल और कई मजदूर घायल हैं।










