देवरिया में युवक का भाभी पर जानलेवा हमला: चेहरे और गर्दन पर किया ताबड़तोड़ वार, लोगों ने पकड़कर खंभे से बांधा

देवरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोमवार सुबह कसया ढाला के पास एक युवक ने अपनी चचेरी भाभी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस को सौंप दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार,घायल महिला की पहचान रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डूमरी गांव की रहने वाली रानी देवी (40 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय गोविंद राजभर के रूप में हुई है। हमला करने वाला आरोपी चचेरे देवर का नाम प्रहलाद है।
दोनों के बीच किसी बात को लेकर हुआ विवाद
सोमवार सुबह कसया ढाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर प्रहलाद ने चाकू निकालकर रानी देवी के चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने आरोपी प्रहलाद को घटनास्थल पर पकड़ लिया और उसे भागने से रोकने के लिए खंभे से बांध दिया । उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
डॉक्टरों ने गोरखपुर किया रेफर
घायल महिला को तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी प्रहलाद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।










