देवरिया में किसान की संदिग्ध मौत: धान के खेत में मिला शव, घास काटने घर से था निकला

खुखुंदू थाना क्षेत्र में धान के खेत में घास निकालने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परसिया मिश्र के सोन्हुला गांव निवासी धर्मेंद्र चौहान खेत में काम करने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब रात आठ बजे वह खेत में अचेत हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र धान के खेत में घास निकालने के लिए घर से निकला था। वह सामान्य रूप से खेत पर काम करने गया था, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी वापस नहीं आया। इसके बाद परिवार के लोग रात करीब आठ बजे उसकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां धर्मेंद्र अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की अचानक मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
धर्मेंद्र मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। उसकी आमदनी पर परिवार की आर्थिक व्यवस्था निर्भर थी। उसकी मौत के बाद पत्नी अंजली चौहान, मां विमलावती चौहान और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना 112 पुलिस के माध्यम से थाना पुलिस को मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही किसान की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










