देवरिया में युवक पर लगा पाक्सो एक्ट: शादी का झांसा देकर दो साल तक किया शारीरिक शोषण, पीड़िता की मां ने दर्ज कराया केस

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक सौरभ गौतम पर 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर दो साल तक यौन शोषण करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट और धमकी देने सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोप है कि युवक, युवती से करीब दो साल तक यौन शोषण किया। युवती ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी से इनकार कर दिया। परिवार की ओर से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया तो धमकी देने लगा।
शादी का दबाव बनाया तो बनाने लगा दूरी
युवक करीब दो साल पहले पीड़ित युवती के गांव में अपनी मौसी के घर आता-जाता था, जहां दोनों की पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों में संबंध गहरे हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दोनों के संबंधों की जानकारी परिवारों को होने के बाद जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी दूरी बनाने लगा और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जिसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराया। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की वास्तविक उम्र की होगी पुष्टि
शिकायत में पीड़िता की उम्र 19 वर्ष (बालिग) बताई गई है, लेकिन पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चूंकि पॉक्सो कानून मुख्य रूप से नाबालिगों के मामलों में लागू होता है, इसलिए पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर पीड़िता की वास्तविक उम्र और दर्ज धाराओं की अंतिम पुष्टि होना बाकी है। खुखुंदू थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।










