देवरिया में सड़क हादसे में किशोर की मौत: ओवरटेक के दौरान ट्रक ने मारी टक्कर, चाचा की हालत गंभीर

देवरिया के गौरीबाजार ओवरब्रिज पर सुबह करीब नौ बजे भीषण सड़क हादस हो गया। ट्रक की चपेट में आने से चौदह वर्षीय किशोर की मौत हो गई और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
बताया जा रहा है कि, बाइक सवार ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। तभी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे किशोर की तत्काल मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के रेवत झील गांव निवासी देव (14) पुत्र राधेश्याम प्रजापति के रूप में हुई है। देव अपने चाचा घनश्याम प्रजापति (40) पुत्र मुरारी प्रजापति के साथ बाइक से गौरीबाजार स्थित अपने बहनोई धर्मनाथ प्रजापति के घर जा रहा था। दोनों कौड़ीराम से रुद्रपुर होते हुए गौरीबाजार पहुंचे थे।
ट्रक को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
बताया गया है कि गौरीबाजार कस्बे के ओवरब्रिज पर चढ़ते समय बाइक चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। पीछे बैठा देव ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल चाचा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। देव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।










