देवरिया में नदी में डूबने से किशोर की मौत: दोस्तों के साथ गया था नहाने, तीन घंटे बाद मिला शव

देवरिया|24 अगस्त 2026
 दोस्तों के साथ गया था नहाने, तीन घंटे बाद मिला शव

बघौचघाट थाना क्षेत्र के मलवाबर बनरही गांव में सोमवार को खनुआ नदी में नहाने के दौरान किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा है।

जानकारी के मुताबिक, अंकित सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोस्तों के साथ खनुआ नदी के भकनवा घाट पर नहाने गया था। इस दौरान उसके दोस्त नदी में नहाते हुए फोटो और वीडियो बना रहे थे। इसी बीच अंकित नदी के गहरे हिस्से में चला गया और अचानक डूबने लगा। उसे पानी में डूबता देखकर दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और किशोर की तलाश शुरू कर दी।

सीएचसी लेकर पहुंचे परिजन

ग्रामीणों ने नदी में उतरकर अंकित की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब तीन बजे किशोर को नदी से बाहर निकाला जा सका। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया।

परिवार में पसरा मातम

अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता और अन्य परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

मौके पर पहुंची पुलिस

बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि किशोर दोस्तों के साथ नदी में नहाने और फोटो-वीडियो बनाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।