देवरिया में बाइक की टक्कर से घायल महिला की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी फरार

सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज स्थित हनुमान चौक पर सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। अज्ञात बाइक सवार ने घर के पास सड़क पर टहल रही शकुंतला देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।
मझौलीराज हनुमान चौक निवासी शकुंतला देवी, पत्नी स्वर्गीय मदन लाल मद्धेशिया अपने घर के पास टहल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के करीब आधे घंटे के भीतर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस बाइक सवार की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










