प्रयागराज में धरने पर बैठे सपा एमएलसी: भाजपा सांसद निशिकांत पर FIR की मांग, अखिलेश यादव पर टुन्नू यादव से बातचीत का लगाया आरोप

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अयोध्या स्थित राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा है। उन्होंने जेल में बंद टुन्नू यादव से अखिलेश यादव के साथ बातचीत होने का आरोप लगाया गया है। इससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली है।
सपा नेता संदीप के नेतृत्व में जार्जटाउन थाने के गेट पर दिया धरना
प्रयागराज में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता निशिकांत के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की मांग को लेकर संदीप यादव के नेतृत्व में जार्जटाउन थाना पहुंचे। मंगलवार को एफआइआर दर्ज नहीं होने पर थाने के गेट पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सपाई बोले सांसद लगा रहें अनर्गल आरोप
दूसरी ओर सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह के नेतृत्व में धूमनगंज थाना पर प्रदर्शन हुआ। सपाइयों का कहना है कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा राम मंदिर प्रकरण में जेल में बंद टुन्नू यादव से सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ बातचीत होने का अनर्गल आरोप इंटरनेट मीडिया पर लगाया गया है। इसे भाजपा आईटी सेल द्वारा खूब बढ़ा चढ़ा कर पेस भी किया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज न होने पर धरने पर बैठे सपा नेता
इस मामले को पूरी तरह झूठी कहानी बताते हुए सपा नेताओं ने धूमनगंज थाने में सोमवार रात ही मुकदमा दर्ज कराने को लेकर तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक सांसद निशिकांत दुबे पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इसे लेकर सभी जिलाध्यक्ष, एमएलसी व कार्यकर्ता धूमनगंज थाने पर धरने पर बैठ गए।










