यूपी में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती: सहायक अध्यापक के होंगे 12,405 पद, पीजीटी के 2,607 पद शामिल

प्रयागराज|16 सितंबर 2026
सहायक अध्यापक के होंगे 12,405 पद, पीजीटी के 2,607 पद शामिल

उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15,012 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। आयोग ने सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (पीजीटी) संवर्ग के लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें सहायक अध्यापक के 12,405 और पीजीटी के 2,607 पद शामिल हैं।

सहायक अध्यापक भर्ती में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े प्राथमिक स्तर के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग के शहरी क्षेत्र के 11,508 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर है। सहायक अध्यापक भर्ती की परीक्षा तीन और चार दिसंबर को प्रस्तावित है।

पीजीटी के लिए 18 सितंबर से आवेदन

प्रवक्ता संवर्ग के 2,607 पद प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए हैं। पीजीटी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 18 सितंबर से शुरू होगा। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसकी परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को होगी। दोनों भर्तियों में आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) पूरा करना अनिवार्य किया गया है। विस्तृत विज्ञापन और निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

शिक्षामित्रों को वेटेज की मांग

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि भर्ती विज्ञापन में शिक्षामित्रों को वेटेज या वरीयता देने का उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 2017 के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार सामान्य शिक्षक भर्ती में शिक्षामित्रों को वरीयता देने के निर्देश हैं। यादव ने राज्य सरकार से 26 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षामित्रों को इस भर्ती में वेटेज देने पर विचार करने की मांग की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।