आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद पर बवाल: पुलिस चौकी में तोड़फोड़-पथराव, आवाज कम करने के निर्देश के बाद बढ़ा तनाव

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात तनावपूर्ण हालात बन गए। लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। रेलपार इलाके में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी को घेर लिया। इसके बाद चौकी पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक इलाके में तनाव बना रहा।
पुलिस प्रशासन ने राज्य सरकार के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की थी। आसनसोल के कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज कम रखने को कहा गया था। प्रशासन का कहना था कि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया। इसी सिलसिले में दिन के समय रेलपार इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी। शुरुआत में मामला शांत दिखाई दे रहा था, लेकिन शाम होते-होते माहौल अचानक बदल गया।
वाहनों में की तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम को बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। कुछ ही देर में नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी के दौरान चौकी के शीशे टूट गए। आसपास खड़े कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस और आम लोगों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। दुकानदारों ने डर के कारण दुकानें बंद कर दीं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया। हालात काबू में नहीं आने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। कार्रवाई के बाद भीड़ धीरे-धीरे पीछे हटी। पुलिस के मुताबिक घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
इलाके में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री तैनात
घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। तनाव को देखते हुए पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात कर दी गई। देर रात तक पुलिस फ्लैग मार्च करती रही। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आसनसोल पुलिस के डिप्टी कमिश्नर वीजी सतीश पसुमार्थी ने कहा कि हालात अब नियंत्रण में हैं। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वीडियो के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी बढ़ी हलचल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल हुआ। कई वीडियो और तस्वीरें सामने आईं। इनमें भीड़ को पुलिस चौकी के बाहर जमा देखा गया। कुछ वीडियो में पथराव और भगदड़ के दृश्य भी दिखाई दिए। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
प्रशासन ने की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों से बातचीत शुरू की है। इलाके में स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है। बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल आसनसोल में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








