TMC नेता जहांगीर खान की सड़क पर परेड: अवैध वसूली मामले में कान पकड़कर मांगी माफी, जांच के लिए फालता लेकर आई पुलिस

पश्चिम बंगाल|15 जून 2026
अवैध वसूली मामले में कान पकड़कर मांगी माफी, जांच के लिए फालता लेकर आई पुलिस

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता जहांगीर खान को पुलिस ने एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सड़क पर घुमाया। इस दौरान जहांगीर खान हाफ पैंट में नजर आए। उन्होंने कान पकड़कर तथा हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगी। पिछले सात दिनों में यह दूसरा मौका है जब पुलिस ने जांच के दौरान उनकी सार्वजनिक परेड कराई है। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध वसूली और अन्य गंभीर आरोपों की जांच के सिलसिले में जहांगीर खान को फालता लाया गया था। इसी दौरान घटनास्थलों की पहचान और पूछताछ की प्रक्रिया के बीच उनकी परेड कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जहांगीर खान को आठ जून को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उन पर अवैध वसूली करने, लोगों को धमकाने और महिलाओं को गैंगरेप की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार पुलिस रिमांड पर हैं। विभिन्न मामलों में उनसे पूछताछ की जा रही है।

चुनावी हार के बाद गायब हो गए थे जहांगीर

फालता क्षेत्र में जहांगीर खान का लंबे समय से प्रभाव माना जाता रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने खुद को फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार की तर्ज पर पेश करते हुए कई बार चर्चित संवाद “पुष्पा झुकेगा नहीं” का इस्तेमाल किया था। हालांकि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम आने के बाद वह सार्वजनिक जीवन से लगभग गायब हो गए थे। बाद में उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी और गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग भी की थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।