बंगाल की खाड़ी में डूबे ट्रॉलर से 9 शव बरामद: 6 मछुआरों की तलाश जारी, 8 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

10 घंटे पहले
6 मछुआरों की तलाश जारी, 8 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना तट के पास बंगाल की खाड़ी में डूबे ट्रॉलर से आठ दिन बाद नौ मछुआरों के शव बरामद किए गए हैं। शव अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण उनकी पहचान फिलहाल संभव नहीं हो सकी है। प्रशासन ने डीएनए जांच के जरिए पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं छह मछुआरे अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

जिला प्रशासन के अनुसार 'जय मां काली' नाम का ट्रॉलर दो जुलाई को पूर्व मेदिनीपुर जिले के शंकरपुर मछली बंदरगाह से 15 मछुआरों को लेकर समुद्र में मछली पकड़ने निकला था। छह जुलाई के बाद ट्रॉलर से संपर्क टूट गया। इसके बाद पुलिस और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया। आठ दिन की तलाश के बाद बक्खाली तट से करीब 35 किलोमीटर दूर बाघेर चार के समीप डूबे ट्रॉलर का पता लगाया गया। मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों की सहायता से इसे पाथरप्रतिमा के सीतारामपुर तट तक लाया गया। इसके बाद पूरी रात चले राहत अभियान में ट्रॉलर के भीतर से नौ शव बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक समुद्र में कई दिन तक पड़े रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ चुके हैं। इससे उनकी पहचान करना संभव नहीं है। अब डीएनए जांच के बाद ही मृतकों की शिनाख्त हो सकेगी।

पीएम ने किया सहायता का ऐलान

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम के कारण ट्रॉलर समुद्र में पलट गया होगा। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। लापता मछुआरों में ओडिशा के बालासोर जिले के तीन सगे भाई रवींद्र माझी, जयराम माझी और जगन्नाथ माझी भी शामिल हैं। उनके रिश्तेदार संन्यासी माझी ने बताया कि तीनों पहले भी कई बार शंकरपुर से मछली पकड़ने समुद्र में जा चुके थे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रॉलर पर शुरुआत में 16 लोगों के जाने की योजना थी। लेकिन एक व्यक्ति अंतिम समय पर नहीं गया। अन्य मछुआरे पूर्व मेदिनीपुर, हावड़ा और नदिया जिलों के निवासी हैं। काकद्वीप उप-मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन अब भी अपनों की पहचान और सूचना का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।