पटना के तेल गोदाम में लगी भीषण आग: 50 लाख से अधिक का नुकसान, 8 घंटे बाद भी बेकाबू

बिहार|5 घंटे पहले
50 लाख से अधिक का नुकसान, 8 घंटे बाद भी बेकाबू

पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित करमलीचक के महुली रोड पर खाद्य तेल के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। करीब आठ घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का बड़े पैमाने पर भंडारण किया गया था। आग लगने के बाद ज्वलनशील सामग्री के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और पूरे परिसर में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राजधानी के विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल 22 दमकल वाहनों को बुलाया गया। पूरी रात आग बुझाने का अभियान चलता रहा। लेकिन सोमवार सुबह तक भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी थी।

फोम कंपाउंड की मदद से बुझाई जा रही आग

पटना सिटी फायर स्टेशन के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य तेल में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए सामान्य पानी के साथ फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि गोदाम से सटी ब्रेड फैक्ट्री को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया। इससे आग वहां तक नहीं फैल सकी।

वेयरहाउस क्षेत्र होने से टला बड़ा हादसा

अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल वेयरहाउस क्षेत्र में होने के कारण किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग में पिघले वनस्पति तेल के आसपास फैल जाने से सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई। इससे राहत कार्य में भी कठिनाई आई। अग्निशमन विभाग की बड़ी टीम लगातार मौके पर डटी रही और आग बुझाने का अभियान अंतिम चरण तक जारी रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।