रॉन्ग साइड स्कॉर्पियो ने तीन को रौंदा: हादसे में 10 घायल, गंगा स्नान को निकले थे 6 दोस्त

बिहार|1 घंटा पहले
हादसे में 10 घायल, गंगा स्नान को निकले थे 6 दोस्त

बेगूसराय के एनएच-31 फोरलेन पर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, 10 अन्य घायल हो गए। हादसा सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास हुआ। मृतक जन्मदिन की पार्टी से लौटने के बाद गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के अनुसार, एक युवक के जन्मदिन की पार्टी में छह दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद सभी एक स्कॉर्पियो से सिमरिया गंगा स्नान के लिए रवाना हुए। वाहन एक्साइज थाने का निजी चालक सन्नी कुमार चला रहा था। सिंघौल थाना क्षेत्र से आगे बढ़ते ही अंग्रेजी ढाला के समीप रॉन्ग साइड से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में ऋषभ कुमार (24), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) की मौत हो गई।

घायलों का इलाज जारी

जानकारी के अनुसार, दोनों स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज टक्कर के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ लोग गाड़ियों में ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है।

परिजनों को फोन से मिली हादसे की सूचना

काफी देर तक युवक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करना शुरू किया। इसी दौरान हादसे की जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों बॉडी का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के दोस्त राहुल ने बताया कि पार्टी के बाद सभी गंगा स्नान जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने वाहन चलाने की इच्छा जताई थी। लेकिन साथी तैयार नहीं हुए। इसके बाद वह घर लौट आए। कुछ देर बाद दुर्घटना की सूचना मिली।

मामले की जांच कर रही पुलिस

दूसरी स्कॉर्पियो में नौ लोग सवार थे, जो बारात में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में मौजूद प्रिंस ने बताया कि मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। मृतकों के तीन दोस्त करण कुमार, रवि कुमार और रुपेश कुमार भी घायल हैं। वहीं दूसरी स्कॉर्पियो के कई यात्री भी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।