बिहार में डंपर ने महिला प्रिंसिपल को रौंदा: पूजा कर लौट रही थीं स्कूल, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे किया जाम

नालंदा के छबिलापुर में मंगलवार सुबह तीज पूजा से लौट रही महिला प्रिंसिपल की हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब छह बजे राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के पास हुआ। टक्कर के बाद सड़क पर गिरी महिला के सिर के ऊपर से डंपर का टायर गुजर गया। इससे सिर बुरी तरह कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मार्ग जाम कर दिया।
मृतका की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल थीं। वह स्कूल परिसर में ही पति संजीत कुमार के साथ रहती थीं। संजीत कुमार इसी स्कूल के डायरेक्टर हैं। ममता की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। वह दो बच्चों की मां थीं। भाई सौरभ कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह परिवार के अधिकांश लोग सो रहे थे। इसी दौरान हादसे की सूचना मिली।
वाहन चालक मौके से फरार
परिजनों के मुताबिक, तीज पर्व को लेकर मंगलवार तड़के ममता पड़ोस में पूजा करने गई थीं। पूजा पूरी करने के बाद वह स्कूल लौट रही थीं। इसी दौरान राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के पास तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद डंपर का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला।
शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मार्ग जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी घटनास्थल के पास तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने, फरार वाहन चालक को गिरफ्तार करने और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।
कैमरों से चालक की तलाश
जाम और हंगामे की सूचना पर छबिलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चश्मदीदों से जानकारी जुटा रही है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। प्रशासन की टीम ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने और यातायात बहाल करने में जुटी है।










