बिहार में भालू ने किसान पर किया हमला: हालत गंभीर, खेत में मेड़ बांधने के दौरान किया लहूलुहान

बगहा (पश्चिम चंपारण)। गोबर्धना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गन्ने के खेत में मेड़ बांध रहे किसान पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में बनबारी चौकीदार टोला निवासी मनोज उरांव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें भालू के चंगुल से मुक्त कराया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
मनोज उरांव शुक्रवार सुबह अपने खेत में मेड़ ठीक करने पहुंचे थे। वह गन्ने के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान घनी फसल में छिपे भालू की नजर उन पर पड़ गई। भालू अचानक बाहर निकला और मनोज पर हमला कर दिया। हमले से घबराए मनोज जोर-जोर से चीखने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख भालू वहां से भाग गया।
शरीर के कई हिस्सों में आई चोटें
ग्रामीणों ने घायल मनोज को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद बनबारी चौकीदार टोला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण गन्ने के खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। उनका कहना है कि खेतों में काम करने के दौरान वन्यजीवों के हमले का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।










