समस्तीपुर में बुजुर्ग दंपती की हत्या: धारदार हथियार से किया गया वार, पड़ोसियों ने तोड़ा दरवाजा

समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों घर में अकेले रहते थे। मंगलवार सुबह रोज की तरह दूध पहुंचाने आया दूधवाला काफी देर तक दरवाजा खटखटाता रहा, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। चौकी पर 70 वर्षीय बंगाली दास का शव था, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी की खून से लथपथ लाश फर्श पर पड़ी थी।
घटना भरपुरा पटपारा वार्ड संख्या 11 की है। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे दूधवाला दंपती के घर पहुंचा था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दोनों शवों पर धारदार हथियार से किए गए गहरे जख्म मिले। एक साथ दो हत्याओं की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
तीन बेटे मजदूरी के लिए रहते हैं बाहर
मृतकों की पहचान बंगाली दास और उनकी पत्नी धनमा देवी के रूप में हुई है। दोनों घर में अकेले रहते थे। उनके तीन बेटे राम विनोद, राम आशीष और राम सिंह रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
लूट से रंजिश तक हर एंगल पर जांच
वारदात की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, अपर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार और एसआई विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आपसी रंजिश और लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए।










