पटना में बदमाशों के निशाने पर थी युवती: रैपिडो चालक को लगी गोली, दुकान से बाहर निकालकर लड़की पर की फायरिंग

दानापुर थाना क्षेत्र के आर्य समाज रोड पर एक लड़की को निशाना बनाकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। लड़की उस समय रैपिडो से जा रही थी। पहली फायरिंग में रैपिडो चालक को गोली लग गई। इसके बाद लड़की जान बचाकर आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित परिचित टेलर की दुकान में जा छिपी। आरोप है कि बदमाश पीछा करते हुए दुकान तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग कर दी। गोली लड़की के दाहिने कंधे में लगी। घायल रैपिडो चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि लड़की रैपिडो से जा रही थी, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से रैपिडो चालक घायल हो गया। फायरिंग के बाद लड़की वहां से भाग निकली और आर्य समाज मंदिर के सामने परिचित टेलर की दुकान में पहुंच गई। उसने खुद को बचाने के लिए टेलर मास्टर के पीछे छिपने की कोशिश की। इसी बीच पीछा करते हुए दो बदमाश दुकान तक पहुंच गए।
टेलर मास्टर को धमकाया
दुकान में घुसे दोनों बदमाशों ने टेलर मास्टर को धमकाया और लड़की को बाहर निकालने के लिए कहा। आरोप है कि एक बदमाश ने लड़की को खींचकर दुकान से बाहर लाने की कोशिश की। इसी दौरान वह गिर गई। इसके बाद दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने कंधे में जा लगी। वारदात के बाद दोनों आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजन
गोली लगने के बाद घायल लड़की ने टेलर मास्टर के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही पुलिस को भी वारदात की सूचना दी गई। फायरिंग की घटना से इलाके में भगदड़ का माहौल बन गया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश शुरू
सूचना मिलते ही दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की छानबीन करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग का पहलू भी जांच में शामिल
सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामले में प्रेम प्रसंग का पहलू सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










