बिहार में डाकबंगला चौराहा बना रणक्षेत्र: नीट पेपर लीक मामले में छात्रों ने किया उग्र प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव

नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में 25 जुलाई को बुलाए गए 'बिहार बंद' के दौरान पटना का डाकबंगला चौराहा और गांधी मैदान इलाका पूरी तरह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थकों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में उतरे RJD नेता तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के हक के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हैं।
गांधी मैदान और डाकबंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन करने जुटे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। आक्रोशित छात्रों की तरफ से पुलिस बल पर जमकर पत्थर और ईंटें बरसाई गईं, जिसमें पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जोरदार लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे कई प्रदर्शनकारी छात्र घायल हो गए। तेज प्रताप यादव हाथ में तिरंगा लेकर छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठ गए और मूर्ति पर चढ़कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
उपद्रव करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रदर्शनकारी तमाम पहरेदारी के बावजूद डाकबंगला चौराहा पहुंच गए। वहां उग्र प्रदर्शन किया। स्थिति को बेकाबू होते देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। बताया जाता है कि प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। बड़ी-बड़ी ईंटे फेकनी शुरू कर दी। हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरे पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी उपद्रव करेंगे, उनपर कार्रवाई की जाएगी।
10 जिलों में सुरक्षा के कड़े पाबंद
बता दें कि बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में 70 हजार जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है। स्थानीय पुलिस के अलावा CRPF, CISF जवानों को भी तैनात किया गया है। कई जिलों के स्कूल भी एहतियातन बंद किए जा चुके हैं। सबसे ज्यादा पटना के अलावा जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय समेत 10 जिलों पर सुरक्षा के कड़े पाबंद किये गये हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









