पटना में छात्रों ने किया उग्र आंदोलन: प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, बवाल के बाद हिरासत में कई छात्र
बीपीएससी टीआरई-4 की मांगों को लेकर पटना में छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। डाकबंगला चौराहे पर पहुंचने के बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों को हिरासत में लिया गया। मुख्यमंत्री आवास की ओर प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
छात्र बीपीएससी टीआरई-4 में पीटी-मेंस व्यवस्था, निगेटिव मार्किंग हटाने और शत-प्रतिशत डोमिसाइल की मांग कर रहे हैं। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन के अमन गुट की ओर से बुलाए गए आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
डाकबंगला पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज
गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पर छात्रों को रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग का एक हिस्सा प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया। इसके बाद कुछ छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। वहां भी घेराबंदी तोड़ने की कोशिश हुई। मेट्रो की लोहे की शील्ड के कारण प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। पुलिस के समझाने के बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं हुई, जिसके बाद वाटर कैनन चलाया गया और लाठीचार्ज किया गया।
पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की
जेपी गोलंबर के पास भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस डाकबंगला चौराहे पर कार्रवाई कर रही है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सीआरपीएफ को भी शहर में तैनात किया गया है।











