बिहार में तालाब में डूबने से दो छात्रों की मौत: बाढ़ और बारिश की वजह से नहीं हुआ पानी का अंदाजा, एक साथ निकले थे चार छात्र

बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में एक तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई। यह हादसा कहलगांव के सदानंदपुर पंचायत अंतर्गत कवैया टोला स्थित तालाब में हुआ। मृतकों की पहचान नंदलालपुर हरिजन टोला निवासी गिरिराज दास के पुत्र विभीषण कुमार और सुनील दास के वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे मध्य विद्यालय कामत टोला के छात्र थे।
विश्वकर्मा पूजा के दिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद चार छात्र एक साथ तालाब किनारे टहलते हुए पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। बाढ़ और बारिश के कारण तालाब में पानी काफी गहरा था, जिसका अंदाज़ा न होने के कारण विभीषण और मनीष गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
गोताखोरों ने दो को बचाया सुरक्षित
तालाब से बाहर निकले अन्य दो बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके प्रयासों से दो बच्चों को तो सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन विभीषण और मनीष को काफी मशक्कत के बाद जब बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार के साथ गांव में पसरा मातम
कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवारों और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।










