बिहार में बेकाबू कार ने छह लोगों को कुचला: हादसे में पांच की मौत, मंदिर के पास कर रहे थे कीर्तन

सुपौल में बजरंगबली मंदिर के पास कीर्तन कर रहे लोगों पर तेज रफ्तार कार कहर बनकर टूट पड़ी। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे छह लोगों को कुचल दिया और करीब 50 मीटर तक आगे जाकर एक गैराज में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त कार की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी।
हादसा कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 30-35 लोग मंदिर के पास सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में चालक ने स्टेयरिंग मोड़ा। इसके बाद कार कीर्तन कर रहे लोगों की तरफ चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे।
गैराज में जा घुसी कार
युवक ने बताया कि कार तेज रफ्तार में आई और लोगों को चपेट में लेते हुए करीब 50 मीटर आगे तक चली गई। इसके बाद कार एक गैराज में जा घुसी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अंधेरे में लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के पास भजन-कीर्तन होता है। सावन के झूलन के मौके पर भी बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। जो लोग सड़क की सफेद लाइन से दूसरी तरफ बैठे थे, वे हादसे की चपेट में आने से बच गए।
घायल का इलाज जारी
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान तिलाई दास, राजू दास, सुरेंद्र यादव, भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। एक घायल का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
चालक समेत चार लोगों को दुकान में किया बंद
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक, उसकी पत्नी और दो बच्चों को पकड़ लिया। सुरक्षा को देखते हुए उन्हें पास की एक दुकान में ले जाकर शटर बंद कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। चालक की भूमिका के साथ दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम
हादसे के बाद जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। सड़क सुरक्षा को देखते हुए सड़क किनारे मौजूद पेड़ों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, ताकि विजिबिलिटी बेहतर हो सके और भविष्य में ऐसे हादसों का खतरा कम किया जा सके। सुपौल डीएम की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है।










