महिला को बंधक बनाकर एक महीने तक किया गैंगरेप: घर छोड़ने के बहाने किया अगवा, हिमाचल में कमरे में बंद कर किया उत्पीड़न

बरेली में महिला के अपहरण और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को घर छोड़ने के बहाने बरेली जंक्शन से अगवा कर हिमाचल प्रदेश ले जाया गया। वहां एक कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ करीब एक महीने तक गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी दो वर्षीय बेटी को जान से मारने की धमकी दी। उसे डराया और लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 13 दिसंबर 2025 को अपने मायके कुशीनगर से लौटकर सुबह बरेली जंक्शन पहुंची थी। स्टेशन पर उसकी मुलाकात ससुराल पक्ष के परिचित गुलाब सिंह उर्फ सीताराम और उसके साथी रिंकू से हुई। दोनों ने भरोसा दिलाया कि वे उसे सुरक्षित घर छोड़ देंगे। महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों ने उसे डरा-धमकाकर जबरन बस में बैठा लिया। उस समय उसकी दो साल की बेटी भी साथ थी। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को गोद में लेकर धमकी दी कि यदि उसने विरोध किया तो बच्ची की हत्या कर दी जाएगी।
बेचने की नीयत से कुछ लोगों को दिखाया
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे हिमाचल प्रदेश के मौनीनगर ले गए, जहां एक कमरे में बंद कर रखा गया। वहां दोनों आरोपी बारी-बारी से उसके साथ रेप करते रहे। पीड़िता के अनुसार, दिन में गुलाब सिंह उसकी निगरानी करता था, जबकि रात में रिंकू पहरा देता था ताकि वह भाग न सके। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे बेचने की नीयत से कुछ लोगों को दिखाया था। लगातार धमकियों और भय के कारण वह किसी से मदद नहीं मांग पा रही थी।
पति को फोन कर बताई आपबीती
पीड़िता ने बताया कि 15 दिसंबर को आरोपियों के सो जाने पर उसे मौका मिला और उसने चुपके से अपने पति को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। पति ने उसे हिम्मत देते हुए किसी तरह वहां से निकलने को कहा। महिला ने बताया कि लंबे समय तक मौका तलाशने के बाद वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बाहर निकली और 20 जनवरी 2026 को अपने पति के साथ वापस बरेली पहुंची। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरा मामला बताया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संगीन धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी गुलाब सिंह उर्फ सीताराम को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी हफीजगंज क्षेत्र के चैना मुरारपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि महिला उसकी मर्जी से उसके साथ गई थी, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर की जा रही है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें
